मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नोहटा में, नोहलेश्वर महोत्सव व किसान सम्मेलन में होंगे शामिल..

Spread the love

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नोहटा में, नोहलेश्वर महोत्सव व किसान सम्मेलन में होंगे शामिल

देवरी हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे मुख्यमंत्री; कमिश्नर व आईजी ने तैयारियों का लिया जायजा

दमोह।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 फरवरी, शुक्रवार को दमोह जिले के नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव, मेला, कृषि प्रदर्शनी एवं किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम अनुसार दौरा
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 12:20 बजे भोपाल से हवाई जहाज द्वारा जबलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1 बजे जबलपुर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से दमोह जिले के नोहटा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत देवरी हेलीपैड पहुंचेंगे।
दोपहर 1:25 बजे वे हेलीपैड से नोहटा पहुंचकर नोहलेश्वर महोत्सव मेला, कृषि प्रदर्शनी एवं किसान सम्मेलन कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के पश्चात अपरान्ह 3 बजे मुख्यमंत्री देवरी (नोहटा) हेलीपैड से बागेश्वर धाम, जिला छतरपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की गई। सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी एवं आईजी पुलिस डॉ. हिमानी खन्ना ने ग्राम देवरी हरदुआ (नोहटा) में बनाए गए हेलीपैड, नोहलेश्वर मंदिर परिसर तथा महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, मंच व्यवस्था, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट तथा आमजन की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के समय जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
किसान सम्मेलन पर रहेगा विशेष फोकस
नोहलेश्वर महोत्सव के साथ आयोजित किसान सम्मेलन एवं कृषि प्रदर्शनी में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान कृषि योजनाओं, नवाचारों एवं शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं पर प्रकाश डाला जाएगा।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण होने का दावा किया है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com