विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल ने किया जटाशंकर क्षेत्र का भ्रमण, 14 फरवरी को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ मनाने का आह्वान
वैलेंटाइन डे पर पश्चिमी अंधानुकरण का विरोध, सार्वजनिक स्थलों पर मर्यादा बनाए रखने की चेतावनी
दमोह। जिले में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जटाशंकर सर्किट हाउस, पार्क एवं रेस्टोरेंट क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के स्थान पर ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ के रूप में मनाने की अपील की।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री शम्भू विश्वकर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रेम का अर्थ त्याग और समर्पण है। उन्होंने कहा कि भारत में राधा-कृष्ण, मीरा और शिव-शक्ति के पावन प्रेम की परंपरा रही है, जिसमें मर्यादा और आदर्शों का विशेष महत्व है। उनके अनुसार, सार्वजनिक स्थलों पर अशोभनीय आचरण भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं है और युवाओं को इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि फरवरी माह विद्यार्थियों के लिए परीक्षाओं का समय होता है, इसलिए युवाओं को अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। संगठन ने लोगों से अपील की कि वे पश्चिमी संस्कृति के अंधानुकरण से बचें और 14 फरवरी को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ के रूप में मनाकर भारतीय संस्कारों को बढ़ावा दें।
बजरंग दल के जिला संयोजक गोलू चौबे ने कहा कि संगठन प्रेम का विरोध नहीं करता, लेकिन यदि प्रेम के नाम पर सार्वजनिक स्थलों पर अशोभनीयता या कानून-विरुद्ध गतिविधियाँ पाई जाती हैं, तो उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भी सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की मांग की।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री शम्भू विश्वकर्मा, बजरंग दल जिला संयोजक गोलू चौबे, जिला उपाध्यक्ष राम मिश्रा, जिला मिलन प्रमुख राहुल सेन, नगर संयोजक सत्यम चौरसिया, नगर मंत्री देवेश ठाकुर, जटाशंकर मंदिर के पुजारी मोनू पाठक गुरु, मोहित चौरसिया, रोमिल, विक्की, गौरव, आयुष सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..