शराब की ओवररेटिंग और मारपीट से आहत युवक ने दी जान, शव सड़क पर रख लगाया जाम..
दमोह/हटा
रनेह थाना अंतर्गत शराब दुकान पर अधिक पैसे वसूलने को लेकर हुए विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दुकान संचालकों द्वारा की गई मारपीट और अपमान से आहत होकर एक अंडा व्यवसायी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को पटेरा मार्ग पर शव रखकर घंटों चक्काजाम किया।
500 की बोतल के मांगे 700 रुपये..
जानकारी के अनुसार, रनेह निवासी राजकुमार राय (45) गुरुवार शाम शराब दुकान पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि 500 रुपये की बोतल के लिए सेल्समैन ने 700 रुपये की मांग की। जब राजकुमार ने इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो वहां विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद शराब दुकान से जुड़े बृजेंद्र राय और जगदीश ने राजकुमार की अंडे की दुकान पर जाकर उनके साथ सरेराह मारपीट की।
अपमान बर्दाश्त नहीं कर सका युवक..
मारपीट के बाद राजकुमार बुरी तरह टूट चुके थे। उन्होंने घर पहुंचकर पत्नी से पुलिस थाना चलने को कहा, लेकिन पत्नी के रसोई में जाते ही उन्होंने आत्मग्लानि और लोक-लाज के भय से कमरे में जाकर कुर्ते का फंदा बनाया और जाली से लटक गए। परिजन उन्हें तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद भी डटे रहे ग्रामीण..
शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं:
दोषी शराब ठेकेदारों पर तत्काल एफआईआर दर्ज हो।
मृतक के दो मासूम बच्चों के भविष्य के लिए उचित मुआवजा दिया जाए।
क्षेत्र में चल रही अवैध वसूली पर रोक लगे।
दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ जाम देर रात तक जारी है । मौके पर थाना प्रभारी चंदन सिंह निरंजन, जिला पंचायत सदस्य मनीष तंतवाय और अन्य जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।


More Stories
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..