दमोह में शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शिव वरयात्राओं ने रच दिया भक्तिमय वातावरण..

Spread the love

दमोह में शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शिव वरयात्राओं ने रच दिया भक्तिमय वातावरण..
दमोह। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर दमोह जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकली भव्य शिव वरयात्राओं ने पूरे नगर को धर्ममय बना दिया। डीजे, ढोल-नगाड़ों, शंख-नाद और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालु शिव बारात में शामिल हुए और देर रात तक शहर शिव भक्ति में डूबा रहा।
पुराने थाने से बांदकपुर धाम तक निकली ऐतिहासिक शिव बारात..
महाशिवरात्रि पर शहर की सबसे चर्चित और ऐतिहासिक शिव वरयात्रा पुराने थाने क्षेत्र से निकाली गई। यह परंपरा स्वर्गीय सोनू चौरसिया द्वारा वर्षों पूर्व प्रारंभ की गई थी, जो उनके निधन के बाद भी श्रद्धालुओं और स्थानीय युवाओं द्वारा पूरी आस्था और उत्साह के साथ निरंतर जारी है।
वरयात्रा से पूर्व युवाओं द्वारा भगवान शिव की प्रतिमा लाकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया, इसके बाद बारात का शुभारंभ हुआ।

शोभायात्रा उमा मिस्त्री की तलैया, घंटाघर, टॉकीज चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बांदकपुर धाम पहुंची।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीएसपी एच.आर. पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार सहित पुलिस बल विशेष रूप से तैनात रहा। शिवाजी पार्क टॉकीज चौराहे पर शिव प्रतिमा की विशेष पूजा-अर्चना, भारत माता की आरती तथा विशाल धर्म ध्वजा फहराई गई। धर्म ध्वजा हिंदू संगठनों से जुड़े विक्रांत गुप्ता द्वारा फहराई गई।


इस अवसर पर मध्यप्रदेश लघु व्यापारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तनुज पाराशर, प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र जैन, जिला अध्यक्ष पंकज सोनी सहित युवा पत्रकार कल्याण संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बारातियों को फलाहार व जलपान कराकर भव्य स्वागत किया।
जटाशंकर धाम से निकली विशाल शिव वरयात्रा..
इसी क्रम में जटाशंकर धाम से भी मोनू पाठक के मार्गदर्शन में भव्य शिव वरयात्रा निकाली गई। यात्रा जटाशंकर शिव मंदिर से प्रारंभ होकर सिविल वार्ड, बस स्टैंड, घंटाघर और अस्पताल चौराहा होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची।


वरयात्रा में शामिल श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते, भूत-प्रेत का पारंपरिक स्वरूप धारण कर शिव बारात की जीवंत झलक प्रस्तुत करते नजर आए। जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत से वातावरण और भी भक्तिमय हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से सड़कें श्रद्धा से सराबोर रहीं।
रात 2:45 बजे शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ शिव-पार्वती विवाह..
महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव एवं माता पार्वती का विवाह समारोह पूरे विधि-विधान, मंत्रोच्चार और पारंपरिक रस्मों के साथ देर रात लगभग 2:45 बजे शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मंदिर ट्रस्ट सचिव पंकज हर्ष श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, अखिलेश चांदोरकर की विशेष उपस्थिति में पंडित रामकृपाल पाठक, केदारनाथ दुबे सहित अन्य आचार्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना व आरती संपन्न कराई।


इस भव्य आयोजन में कलेक्टर श्री कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी, पुलिस प्रशासन, मेडिकल टीम, आपदा प्रबंधन दल, मंदिर ट्रस्ट और विभिन्न विभागों का सराहनीय योगदान रहा।
तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..
प्रशासनिक सहयोग और भक्तों के अनुशासन के चलते महाशिवरात्रि पर करीब 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन किए। पूरे आयोजन ने दमोह की धार्मिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।


महाशिवरात्रि के इस महापर्व ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि दमोह न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि धार्मिक आयोजनों के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन की मिसाल भी है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com