महाशिवरात्रि पर शिव तांडव झांकी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, जबेरा हुआ शिवमय..
दमोह/जबेरा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सर्वभौम श्री सिद्धेश्वर सहयोग संगठन फाइव एस द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भूतभावन भगवान भोलेनाथ की दिव्य व भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन के दौरान पूरा जबेरा नगर भक्तिमय उल्लास से सराबोर नजर आया।शोभायात्रा का शुभारंभ शाम 4 बजे पालनहार प्रभु नरसिंह देवालय में पूजन-अर्चन के साथ हुआ।

संगठन द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए मंचों पर वृंदावन से आए कलाकारों ने शिव तांडव और होली खेले मसाने में जैसे भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।दिव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—कोरता रोड, श्रीराम चौराहा, बस स्टैंड, चौधरी मोहल्ला और थाना परिसर—से होते हुए बाजार मार्गों से गुजरकर श्री सिद्धेश्वर नर्मदेश्वर शिव मंदिर पहुंची। यहां अंतिम प्रस्तुति के रूप में भगवान शिव और माता पार्वती का वैदिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।

भव्य बारात में वृंदावन से आए कलाकार भगवान शिव, माता पार्वती, मां महाकाली सहित गण, दानव और देवताओं के स्वरूप में आकर्षण का केंद्र बने। डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज से समूचा जबेरा गूंज उठा। ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्पमालाओं से बारात का स्वागत किया।

शिव तांडव झांकी युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित करती रही और हजारों की संख्या में युवाओं ने सहभागिता कर आयोजन का आनंद लिया।मंदिर परिसर में बारात के स्वागत के उपरांत मंच पर शिव-पार्वती विवाह संपन्न हुआ। विवाह के साथ ही श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को शिवमय कर दिया।

आयोजन की सफलता पर ग्रामवासियों ने फाइव एस संगठन और कलाकारों की सराहना करते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता जताई।आयोजक फाइव एस संगठन के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त ग्रामवासियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..