सुनार नदी पुल से तेज रफ्तार कार गिरी, एक युवक सुरक्षित बाहर निकला, महिला की मौत की आशंका
दमोह |
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनार नदी पर बने पुल से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे नदी में जा गिरी। यह हादसा नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र में सामने आया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार सवार एक व्यक्ति तैरते हुए सुरक्षित बाहर निकल आने में सफल रहा, जबकि कार में सवार अन्य लोगों की स्थिति को लेकर शुरुआत में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। प्रारंभिक तौर पर यह बता पाना कठिन था कि कार में कुल कितने लोग सवार थे। एहतियात के तौर पर घटना स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को भी मौके पर भेजा गया है।

स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में दो लोग सवार थे। इनमें से एक महिला के नदी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। महिला के शव की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना के तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाई आ रही है, फिर भी हर संभव प्रयास कर महिला के शव को बरामद करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..