ब्राम्हण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला, आरोपी युवक पर एफआईआर दर्ज..
पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट समाज, आंदोलन किया स्थगित..
दमोह। सोशल मीडिया पर ब्राम्हण समाज के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले युवक के विरुद्ध पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई वायरल वीडियो को लेकर समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक द्वारा ब्राम्हण समाज के प्रति आपत्तिजनक शब्दों और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद समाज में आक्रोश फैल गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्व ब्राम्हण समाज एवं युवा ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस से लिखित शिकायत कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान वीडियो में अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक की पहचान बालकिशन अहिरवार, निवासी सुजान तलैया, थाना गैसाबाद के रूप में की गई। जांच पूर्ण होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कार्रवाई पर समाज ने जताया संतोष..
इधर, पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद ब्राम्हण समाज ने संतोष व्यक्त किया है। ब्राम्हण समाज के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश पांडेय ने कहा कि थाना गैसाबाद पुलिस द्वारा समाज की मांग को गंभीरता से लेते हुए समय पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से समाज संतुष्ट है।
आगामी आंदोलन स्थगित..
एडवोकेट मुकेश पांडेय ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज हो जाने के बाद समाज द्वारा प्रस्तावित आगामी आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि समाज को कानून व्यवस्था पर भरोसा है और आगे भी निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाने की बात कही जा रही है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..