दमोह में टीम उम्मीद का 17वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न, हेलमेट जागरूकता को लेकर निकली तिरंगा बाइक रैली..

Spread the love

दमोह में टीम उम्मीद का 17वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न, हेलमेट जागरूकता को लेकर निकली तिरंगा बाइक रैली

कलेक्टर सुधीर कोचर व एडिशनल एसपी सुजीत भदोरिया सहित प्रशासन और पुलिस बल रहा शामिल

दमोह। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद का 17वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान रविवार को एक अनोखी पहल के साथ सम्पन्न हुआ। अभियान में स्वच्छता के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलमेट पहनकर तिरंगा लहराते हुए बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिससे शहरवासियों को हेलमेट उपयोग के प्रति जागरूक किया जा सके।


अभियान में जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भदोरिया, कोतवाली प्रभारी टीआई मनीष कुमार, पुलिस बल, नगर पालिका एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
सुबह 8 बजे बेलाताल पार्क में साफ-सफाई की गई। इसके बाद सुबह 9 बजे से हेलमेट बाइक रैली निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को हेलमेट के नियमित उपयोग से काफी हद तक रोका जा सकता है।
इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि हरीश पटेल हर स्वच्छता अभियान के साथ नई-नई पहल करते हैं। पहले साइकिल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और आज पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर हेलमेट पहनने की जागरूकता फैलाई गई।

उन्होंने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में जानें जाती हैं, जबकि हेलमेट पहनने से लगभग 80 प्रतिशत तक जान बचाई जा सकती है। दुपहिया वाहन चलाने और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट जरूरी है।
अतिरिक्त एसपी सुजीत कुमार भदोरिया ने कहा कि टीम उम्मीद जिले में लगातार स्वच्छता का सराहनीय कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन ने इस पहल में पूरा सहयोग दिया है और भविष्य में भी स्वच्छता व सड़क सुरक्षा जैसे अभियानों में सक्रिय सहभागिता की जाएगी। उन्होंने होली पर्व के दौरान सुरक्षा को लेकर भी पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।


स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने अभियान की सफलता पर जिला प्रशासन और पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में जान जाने पर दर्द सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका परिवार जीवन भर उस पीड़ा को झेलता है। छोटी-छोटी दुर्घटनाओं से सबक लेकर हेलमेट को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। जीवन अमूल्य है, इसकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।
इस अभियान में टीम उम्मीद के सदस्यों सहित नगर पालिका, जन अभियान परिषद, एनआईसी, सेडमैप और नपा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com