मातृशक्ति शताब्दी वर्ष पर नरसिंहगढ़ में 11 पौधों का रोपण..अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अंतर्गत गायत्री परिवार ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश..

Spread the love

मातृशक्ति शताब्दी वर्ष पर नरसिंहगढ़ में 11 पौधों का रोपण..
अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अंतर्गत गायत्री परिवार ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश..
दमोह। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में मातृशक्ति शताब्दी वर्ष एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गायत्री परिवार शाखा नरसिंहगढ़, जिला दमोह द्वारा माता भगवती स्मृति उपवन में 11 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण और वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लेना रहा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के प्रतिनिधि भाव सिंह, पथरिया जनपद अध्यक्ष खिलान अहिरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू कटारे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, जनपद सदस्य ललती संतोष मोदी एवं किशनगंज की जनपद सदस्य श्रीमती संगीता श्रीधर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए पौधे लगाए।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार प्रमुख बी.पी. गर्ग एवं भूपेंद्र तिवारी ने वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ विधिवत वृक्षारोपण संपन्न कराया। इस अवसर पर सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि परम पूज्य पंडित श्रीराम आचार्य द्वारा प्रज्वलित अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण का यह अवसर सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखरेख भी आवश्यक है, जब तक वे पूर्ण विकसित वृक्ष न बन जाएं।
भाव सिंह मान ने भी संबोधित करते हुए कहा कि हर ग्राम और हर स्थान पर वृक्षारोपण कर उनकी रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। वृक्ष ही जीवन का आधार हैं—यदि पेड़ नहीं रहेंगे तो स्वच्छ वायु और वर्षा संभव नहीं होगी।
गायत्री परिवार प्रमुख बी.पी. गर्ग ने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम आचार्य का स्वप्न था कि प्रत्येक शक्तिपीठ और प्रज्ञापीठ में पंचवटी स्थापित हो तथा हर ग्राम में वृक्षारोपण किया जाए। आज पूरे देश में करोड़ों की संख्या में पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पौधा लगाकर भूल जाना उचित नहीं, उसकी सेवा और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, किसान मोर्चा अध्यक्ष श्रीराम पटेल, महिला मोर्चा की माया पटेल, मंडल अध्यक्ष दिनेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नरसिंहगढ़ गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की देखरेख का सामूहिक संकल्प लिया गया।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com