11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
कार्यक्रम हेतु स्थलों का विधायक उमादेवी खटीक, कलेक्टर कोचर एवं
पुलिस अधीक्षक सोमवंशी के साथ अधिकारियों ने लिया जायजा..
दमोह। जिले के हटा विधानसभा क्षेत्र में 11 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का प्रस्तावित दौरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विधायक उमा देवी खटीक , कलेक्टर कोचर और पुलिस अधीक्षक सोमवंशी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत हटा के सभाकक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम पटैल, लालचंद खटीक, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, एडिशनल एसपी सुजीत कुमार भदौरिया, एसडीएम राकेश मरकाम, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, एसडीओपी हटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री करेंगे विकास कार्यों का भूमि पूजन..
बैठक में विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि यह हटा विधानसभा क्षेत्र के लिए खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव का कार्यक्रम यहां प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री क्षेत्र में स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन करेंगे। साथ ही संभावना है कि हटा से ही ‘लाड़ली बहना’ योजना से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है।
संभावित स्थलों का किया गया निरीक्षण
कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए विधायक के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी और अन्य अधिकारियों के साथ लगभग चार से पांच संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया है। सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उच्च स्तर पर चर्चा के बाद कार्यक्रम का अंतिम स्थल तय किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर संभावित वेन्यू और हेलीपैड स्थलों का निरीक्षण किया गया है। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था प्रोटोकॉल के तहत की जाएगी। यदि कार्यक्रम महिला सम्मेलन के रूप में आयोजित होता है, तो महिला पुलिस बल और महिला अधिकारियों की संख्या भी अधिक रखी जाएगी।
मीडिया की मौजूदगी में किया स्थल भ्रमण..
समीक्षा बैठक से पहले विधायक उमा देवी खटीक , कलेक्टर सुधीर कोचर और पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने अधिकारियों के साथ हटा नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड के लिए स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान कई अधिकारी और मीडियाकर्मी भी मौजूद रहे।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..
हथना में महर्षि स्कूल के प्यून की गोली मारकर हत्या, होली के दिन फैली सनसनी..