दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम समन्ना में गुरुवार दोपहर एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान भरत विश्वकर्मा (16) पिता रामगोपाल विश्वकर्मा निवासी ग्राम अर्थखेड़ा (इमलिया चौकी क्षेत्र) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भरत गुरुवार को अपनी बहन के घर भाई दूज का टीका लगवाने समन्ना गांव जा रहा था। उसके साथ उसका चचेरा भाई भी था। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह गांव के रास्ते से गुजर रहा था, तभी वहां पहले से मौजूद गांव का ही युवक गुड्डा पटेल हाथ में लोहे की रॉड लेकर बैठा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही भरत वहां से गुजरा, आरोपी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। उसने पहले लोहे की रॉड से भरत के सिर पर जोरदार वार किया और उसके बाद हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से भरत की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी का खौफनाक व्यवहार
घटना के बाद आरोपी काफी देर तक शव के पास बैठा रहा, जिससे आसपास के लोगों में भय और दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह हाथ में हथौड़ा लेकर खेतों की ओर भाग गया। कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पर भी किया हमला..
सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, सीएसपी एचआर पांडे, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने खेतों की ओर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस और ग्रामीणों पर हमला करने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। बाद में जब आरोपी के हाथ से हथियार छूट गया तो ग्रामीणों ने पथराव कर उसे काबू में कर लिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
10 घंटे में दूसरा हत्याकांड..
बताया जा रहा है कि देहात थाना क्षेत्र में करीब 10 घंटे के भीतर यह दूसरा हत्याकांड है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और भय व्याप्त है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास..
पुलिस के अनुसार आरोपी गुड्डा पटेल पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि उसने पूर्व में अपनी पत्नी की हत्या की थी और सजा काट चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का व्यवहार असामान्य प्रतीत हो रहा है, इसलिए उसका मेडिकल और मानसिक परीक्षण भी कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में..
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि मृतक भरत विश्वकर्मा के शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल दमोह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी गुड्डा पटेल को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल..
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। भाई दूज के दिन बहन के घर टीका लगवाने जा रहे किशोर की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..