हस्ताक्षर अभियान के साथ टीम उम्मीद का 18वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न..
बेलाताल पार्क में स्वच्छता शपथ पर नागरिकों ने किए हस्ताक्षर, शहर को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प..
दमोह। शहर को स्वच्छ, हरित और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से टीम उम्मीद द्वारा 18वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि सफाई कार्य के साथ-साथ स्वच्छता शपथ के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें सुबह की सैर करने पहुंचे नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए।
बेलाताल पार्क परिसर में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक चले इस विशेष अभियान में टीम के सदस्यों ने पार्क परिसर की सफाई की और आम नागरिकों को शहर में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि हस्ताक्षर अभियान स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करता है।
अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल भी शामिल हुए। उन्होंने स्वच्छता शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करते हुए टीम उम्मीद के कार्यों की सराहना की और कहा कि टीम लगातार स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहल कर रही है, जो बेहद प्रशंसनीय है। उन्होंने जल्द ही अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने की बात भी कही।
वहीं नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र लोधी ने भी हस्ताक्षर कर स्वच्छता की शपथ ली और पूरे समय अभियान में उपस्थित रहकर स्वच्छता कार्य में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि टीम उम्मीद लगातार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रयासरत है और नगर पालिका द्वारा टीम को हमेशा पूरा सहयोग दिया जाता रहा है।
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने कहा कि हस्ताक्षर एक विश्वास और संकल्प का प्रतीक है। इससे लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक होते हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। यह सामूहिक प्रतिज्ञा नागरिकों को कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक निषेध और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने बताया कि टीम उम्मीद द्वारा प्रत्येक रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया जाता है, लेकिन इस बार रविवार को रंग पंचमी का पर्व होने के कारण अभियान एक दिन पहले शनिवार को आयोजित किया गया।
अभियान में टीम उम्मीद के राकेश राठौर, मनोज गुप्ता, शिवम सोनी, माधव पटेल, महेंद्र सिंह लोधी, दीपक राजपूत, नैना तिवारी, डाली कटारे, अभिलाषा, जितेंद्र अहिरवाल, एनआईसी अधिकारी योगेंद्र सिंह, सैडमैप जिलाधिकरी पीएन तिवारी, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी सुभाष सोनी, नपा कर्मी असद शेख सहित नगर पालिका के कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। टीम के सभी सदस्यों ने भी हस्ताक्षर कर स्वच्छता की शपथ ली और भविष्य में भी इस तरह के अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।



More Stories
माईसेम सीमेंट फैक्ट्री की अनूठी पहल, शासकीय प्राथमिक शाला जगथर का हुआ पूर्ण कायाकल्प..
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..