माईसेम सीमेंट फैक्ट्री की अनूठी पहल, शासकीय प्राथमिक शाला जगथर का हुआ पूर्ण कायाकल्प..
सीएसआर फंड से स्कूल भवन का जीर्णोद्धार, पेवर टाइल्स मार्ग और आकर्षक रंग-रोगन से बदला स्कूल का स्वरूप..
दमोह/नरसिंहगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हीडलबर्ग मैटेरियल्स (मायसम सीमेंट इंडिया लिमिटेड) की नरसिंहगढ़ यूनिट द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। कंपनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत ग्राम जगथर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का पूर्ण कायाकल्प कर दिया है, जिससे अब स्कूल का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है।
कंपनी के सीएसआर फंड के माध्यम से स्कूल भवन का व्यापक जीर्णोद्धार कराया गया है। इसके अंतर्गत भवन की मरम्मत, दीवारों का आकर्षक रंग-रोगन और परिसर में छात्रों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आधुनिक पेवर टाइल्स युक्त रास्ते (पाथवे) का निर्माण किया गया है। इन कार्यों से विद्यालय का वातावरण पहले की तुलना में कहीं अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक बन गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
कंपनी प्रबंधन का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ मायसम सीमेंट कंपनी द्वारा क्षेत्र में लगातार सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।
शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी योगदान..
माईसेम सीमेंट कंपनी द्वारा दमोह क्षेत्र में शिक्षा के अलावा चिकित्सा, बुनियादी ढांचा विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। कंपनी के इन प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में योगदान देना है।
विद्यालय को मिली नई पहचान..
कायाकल्प के बाद शासकीय प्राथमिक शाला जगथर अब पहले से कहीं अधिक आकर्षक और व्यवस्थित नजर आ रही है। स्कूल भवन के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ परिसर और पेवर टाइल्स युक्त रास्तों के निर्माण से छात्रों और शिक्षकों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही स्वच्छता और बेहतर बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया है।
माईसेम सीमेंट कंपनी की इस पहल से ग्राम जगथर के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और शाला परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने कंपनी के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।



More Stories
हस्ताक्षर अभियान के साथ टीम उम्मीद का 18वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न..
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..