मिशन हॉस्पिटल प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन..

Spread the love

मिशन हॉस्पिटल प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन..

फरार आरोपी अजय लाल की जमीन का सीमांकन, ज्ञापन के बाद उठे सवाल..

दमोह।
दमोह के चर्चित मिशन हॉस्पिटल प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों के विक्रय पर रोक लगाने की मांग की गई है।

एडवोकेट दीपक तिवारी ने बताया कि मिशन हॉस्पिटल प्रकरण में आरोपी अजय लाल, इंदु लाल, जीवन मैसी और रोशन प्रसाद लंबे समय से फरार हैं। आरोप लगाया गया कि पुलिस द्वारा इनकी गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अजय लाल और इंदु लाल के विदेश में होने की जानकारी भी सामने आ रही है, इसके बावजूद उन्हें भारत लाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं जीवन मैसी और रोशन प्रसाद के देश में होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से आमजन में प्रशासन को लेकर शंका उत्पन्न हो रही है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि फरार आरोपियों की दमोह जिले में स्थित संपत्तियों का विक्रय किया जा रहा है या इसकी तैयारी चल रही है, जो नियमों के विरुद्ध है। आरोप लगाया गया कि जिला प्रशासन द्वारा इन संपत्तियों पर रोक लगाने या कुर्की की कार्रवाई अब तक नहीं की गई है।

इसी बीच मारुताल क्षेत्र में फरार आरोपी अजय लाल की जमीन का सीमांकन किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिस पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। एडवोकेट दीपक तिवारी का कहना है कि जब अजय लाल फरार है तो बिना आवेदक के हस्ताक्षर के सीमांकन कैसे संभव है। उन्होंने कहा कि सीमांकन के आवेदन और मौके पर तैयार पंचनामा में संबंधित व्यक्ति के हस्ताक्षर आवश्यक होते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति कुर्की की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया, उसी दिन अजय लाल की जमीन का सीमांकन किया जाना कई सवाल खड़े करता है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों पर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई तो विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

About The Author

You may have missed

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com