ग्राम पंचायत इमलई में मायसेम सीमेंट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन..
डॉ. गौरव की टीम ने 195 ग्रामीणों का किया स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाओं का वितरण..
दमोह।
जिले के ग्राम पंचायत इमलई में मायसेम सीमेंट नरसिंहगढ़ द्वारा अपने सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत के विशेष अनुरोध पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में डॉ. गौरव और उनकी अनुभवी मेडिकल टीम ने कुल 195 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा विभिन्न बीमारियों के उपचार संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।

ग्रामीणों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।
शिविर के दौरान ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई गई। डॉक्टरों की टीम ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
ग्राम पंचायत इमलई की सरपंच श्रीमती रामरानी अहिरवार, सचिव संजय सिंह राजपूत, सहायक सचिव मुकेश पटेल और उपसरपंच रमेश श्रीवास्तव सहित ग्राम के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल के लिए मायसेम हीडलबर्ग सीमेंट प्रबंधन और मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

सरपंच श्रीमती रामरानी अहिरवार ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को उनके गांव के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल जाती हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे लोककल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन होता रहे, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलता रहे।
ग्रामीणों ने भी मायसेम सीमेंट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सामाजिक कार्य किए जाते हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलता है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..