नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल — आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार, इलाके में तनाव..

Spread the love

नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल — आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार, इलाके में तनाव..


इंदौर। महू क्षेत्र के पातालपानी में एक डॉक्टर द्वारा युवती को नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म करने और अश्लील तस्वीरों के जरिए चार महीने तक ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर सईद खान को हिरासत में ले लिया है, जबकि घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


इलाज के बहाने बेहोश कर बनाया शिकार..


पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब चार महीने पहले गुजरखेड़ा स्थित आरोपी डॉक्टर के क्लिनिक पर इलाज कराने गई थी। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं।
बताया जा रहा है कि बाद में आरोपी इन्हीं तस्वीरों के जरिए युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और उसे मिलने के लिए मजबूर करता था।


रिसॉर्ट से रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी..


रविवार को आरोपी ने युवती को पातालपानी के बेलामोर रिसॉर्ट बुलाया था। इसकी जानकारी कुछ स्थानीय लोगों और एक संगठन के कार्यकर्ताओं को लग गई। वे मौके पर पहुंचे और कमरे से आरोपी को युवती के साथ पकड़ लिया।
आरोपी के साथ मारपीट किए जाने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।


घर और क्लिनिक में तोड़फोड़, बाइक में लगाई आग..


घटना की खबर फैलते ही देर शाम युवती के परिजन और ग्रामीण आरोपी के आम्बाचंदन स्थित घर पहुंचे। वहां तोड़फोड़ करने के बाद आगजनी की गई।
इसके बाद भीड़ गुजरखेड़ा स्थित आरोपी के बंद क्लिनिक पर पहुंची और पथराव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ा।


पुलिस ने दर्ज किया केस, अतिरिक्त बल तैनात..


बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है।
इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

About The Author