जमीनी विवाद में चली दनादन गोलियां, पिता-पुत्र गंभीर, जबलपुर रेफर
हरद्वानी गांव में फायरिंग से फैली दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की आरोपियों की तलाश..
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हरद्वानी गांव में रविवार देर रात जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद अचानक गोलियां चलने लगीं। इस घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरद्वानी निवासी नरेश भवानी पटेल (52 वर्ष) और उनके पुत्र सत्य प्रकाश पटेल (25 वर्ष) पर अज्ञात आरोपियों द्वारा फायरिंग की गई। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल दमोह लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में डॉक्टर आशुतोष और डॉ. माधुर चौधरी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं जिला अस्पताल में भी कोतवाली टीआई मनीष कुमार, चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एएसआई अकरम खान सहित पुलिस बल पहुंचा और घायलों के परिजनों से घटना की जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी एचआर पांडे, टीआई अमित गौतम, चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि घटना की वजह पुराना जमीनी विवाद है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमीनी विवाद में चली दनादन गोलियां, पिता-पुत्र गंभीर, जबलपुर रेफर..


More Stories
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..