दमोह में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत निकली शोभायात्रा, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की उठी मांग..
दमोह। शहर में रविवार को गौ माता के सम्मान एवं गौवंश संरक्षण को लेकर “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सागर नाका स्थित तहसील कार्यालय पहुंची, जहां अभियान से जुड़े पदाधिकारियों एवं गौभक्तों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने सहित गौ-रक्षा और गौवंश संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में गौभक्त, संत समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं शहरवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गौ माता के जयकारे लगाए और गौ संरक्षण के समर्थन में संदेश दिए। पूरे मार्ग में धार्मिक और सामाजिक वातावरण देखने को मिला।
तहसील परिसर पहुंचने पर वैष्णवी निस्वार्थ गौ सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक नेमा ने उपस्थित जनसमूह को गौ संरक्षण एवं सेवा की शपथ दिलाई। वहीं हिंदू संगठन के प्रतिनिधि विक्रांत गुप्ता द्वारा ज्ञापन का वाचन किया गया। इसके बाद तहसीलदार रॉबिन जैन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संस्कृति, अर्थव्यवस्था, मानव स्वास्थ्य, विषमुक्त कृषि और पर्यावरण संतुलन में गाय का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सदियों से गोवंश भारतीय परंपराओं का अभिन्न अंग रहा है, लेकिन वर्तमान समय में उचित संरक्षण और संवर्धन के अभाव में गोवंश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ज्ञापन में मांग की गई कि गोवंश को सुरक्षित, सम्मानित और संरक्षित रखने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी योजनाएं बनाई जाएं।
अभियान के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम भी संदेश प्रेषित किया गया, जिसमें गौ माता की रक्षा, सेवा और संरक्षण हेतु सख्त कानून एवं ठोस नीतियां लागू करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी कोतवाली मनीष कुमार, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी, यातायात पुलिस एवं अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।
गौ सम्मान आह्वान अभियान के आयोजकों ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान है, जिसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..