छूटे हुए 53 गांवों को सिंचाई परियोजना से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम, सांसद राहुल सिंह लोधी ने किया निरीक्षण..
सेमरखों-सीतानगर विस्तारीकरण योजना से 14 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित..
दमोह। जिले के हिंडोरिया एवं आसपास के क्षेत्रों के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से सिंचाई सुविधा से वंचित 53 गांवों को सेमरखों-सीतानगर विस्तारीकरण सिंचाई परियोजना से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इसी क्रम में सांसद राहुल सिंह लोधी ने संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

सांसद राहुल सिंह लोधी ने बताया कि हिंडोरिया क्षेत्र सहित आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से सिंचाई सुविधा की मांग कर रहे थे। पूर्व में सीतानगर परियोजना के प्रथम चरण में 33 गांव शामिल नहीं हो पाए थे, जिससे किसानों में निराशा थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री लखन पटेल, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य जिम्मेदार लोगों ने मिलकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और छूटे हुए गांवों को परियोजना में शामिल करने की मांग रखी।

उन्होंने बताया कि 33 छूटे हुए गांवों के साथ हिंडोरिया एवं आसपास के 20 अन्य गांवों की सूची तैयार कर कुल 53 गांवों को परियोजना से जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वीकृति देते हुए आगे बढ़ाया। इसके बाद अब बांदकपुर, सेमरखों और सीतानगर एक्सटेंशन परियोजना पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
सांसद ने निरीक्षण के दौरान बताया कि खड़ेरा और बलारपुर के बीच एक वाटर पॉइंट बनाया जाएगा, जहां पानी संग्रहित कर जलाशय में भरा जाएगा।
जलाशय तैयार होने के बाद इसकी ऊंचाई लगभग 33 मीटर होगी। इस परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग 14,000 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। सिंचाई सुविधा मिलने से खेती की लागत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने हिंडोरिया एवं आसपास के गांवों के किसानों को भरोसा दिलाया कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है , दमोह जिले के सभी जनप्रतिनिधि किसानों तक पानी पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। परियोजना का काम शुरू हो चुका है और तय समय सीमा में इसे पूरा किया जाएगा। साथ ही जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
क्षेत्र के किसानों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि परियोजना पूरी होने के बाद वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान होगा।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..