मदद की पुकार: आदर्श स्कूल मैदान में तीन दिन से पड़ी मृत गाय, बदबू से परेशान लोग—प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग..

Spread the love

मदद की पुकार: आदर्श स्कूल मैदान में तीन दिन से पड़ी मृत गाय, बदबू से परेशान लोग—प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग..


दमोह। जबलपुर नाका स्थित आदर्श स्कूल के खेल मैदान में एक गाय की कीचड़ में फंसकर दर्दनाक मौत हो जाने के बाद उसका शव पिछले तीन दिनों से मैदान में ही पड़ा हुआ है। समय बीतने के साथ शव सड़ने लगा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में तेज बदबू फैल रही है और स्थानीय लोग गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं।


बताया जा रहा है कि मैदान में लंबे समय से आवारा गाय और बैल खुलेआम घुस आते हैं। स्कूल बंद होने के बाद कई बार ये जानवर परिसर में ही फंस जाते हैं और भूख-प्यास से तड़पते रहते हैं, लेकिन इनके मालिक या जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं देते। इसी लापरवाही के चलते एक गाय कीचड़ में फंस गई और उसकी मौत हो गई।


घटना के तीन दिन बाद भी मृत गाय का शव मौके से नहीं हटाया गया है। इससे स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राओं और आसपास रहने वाले नागरिकों में नाराजगी है। गर्मी के मौसम में शव से उठ रही दुर्गंध के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संक्रमण फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका, प्रशासन और संबंधित विभाग से हाथ जोड़कर अपील की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर मृत गाय के शव को हटाया जाए और पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई कराई जाए। ग्राम आमचोपड़ा की सरपंच से भी इस संबंध में चर्चा की गई, जिन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही है।


लोगों ने कहा कि यह केवल सफाई या व्यवस्था का मामला नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और पशु संरक्षण से जुड़ा गंभीर विषय है। समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो ऐसी घटनाएं आगे भी दोहराई जा सकती हैं। नागरिकों ने स्कूल परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए भी स्थायी व्यवस्था की मांग की है।

About The Author