रोसरा नृत्यांगना गोलीकांड में आरोपी बब्लू राय बरी, हटा न्यायालय ने सुनाया फैसला..अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, एक गंभीर सहित चार घायल..

Spread the love

रोसरा नृत्यांगना गोलीकांड में आरोपी बब्लू राय बरी, हटा न्यायालय ने सुनाया फैसला..
हटा। नगर के समीप ग्राम रोसरा में हुए चर्चित नृत्यांगना गोलीकांड मामले में आरोपी बब्लू राय को माननीय हटा न्यायालय ने साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया है। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया।


न्यायालय ने अपने निर्णय में कहा कि अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य आरोपी के खिलाफ अपराध सिद्ध करने के लिए पर्याप्त नहीं पाए गए। इसी आधार पर अदालत ने बब्लू राय को दोषमुक्त घोषित करते हुए बरी करने के आदेश जारी किए।


यह मामला घटना के बाद से क्षेत्र में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ था। फैसला सुनाए जाने के समय अदालत परिसर में दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। निर्णय के बाद आरोपी पक्ष में राहत और खुशी का माहौल देखा गया।
आरोपी पक्ष के अधिवक्ता अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि यह चर्चित बंदूक वाला मामला था, जिसमें न्यायालय ने आरोपी को दोषमुक्त कर दिया है।


उल्लेखनीय है कि बब्लू राय विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष भी बताए जाते हैं। फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल नजर आया, वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, एक गंभीर सहित चार घायल..


डायल-112 टीम ने मौके पर पहुंचाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया..


दमोह। थाना दमोह देहात अंतर्गत चौकी नरसिंहगढ़ क्षेत्र में बुधवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी-05 टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में ऑटो दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमोह 112 कंट्रोल रूम में तैनात महिला आरक्षक स्वाति जाट द्वारा तत्काल एफआरवी-05 को सहायता के लिए रवाना किया गया।
सूचना पर डायल-112 स्टाफ आरक्षक अनुरुद्ध सिंह एवं पायलट सचिन पटेल तुरंत घटनास्थल पहुंचे। मौके पर ऑटो पलटा हुआ मिला, जिसमें सवार चार लोग घायल अवस्था में थे।
डायल-112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए बिना देरी सभी घायलों को एफआरवी वाहन से जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। समय पर पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित राहत कार्य से घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

About The Author