श्री जटाशंकर धाम में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण महाअभियान का शुभारंभ..
पुरुषोत्तम मास में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु..
दमोह। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री जटाशंकर धाम में रविवार से ‘सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण’ महाअभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। 17 मई से 15 जून तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।
आयोजन की शुरुआत महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और भगवान शिव के जयकारों के साथ मंदिर परिसर के विभिन्न मंदिरों की परिक्रमा की। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पार्थिव शिवलिंग निर्माण और अभिषेक
कार्यक्रम में पंडित राजन सिंह पाठक द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ देव आवाहन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। श्रद्धा और भक्ति से निर्मित शिवलिंगों का ब्राह्मणों द्वारा वैदिक विधि-विधान से अभिषेक कराया गया।
अभिषेक के पश्चात सभी पार्थिव शिवलिंगों को मंदिर परिसर में बनाए गए विसर्जन कुंड में विधिपूर्वक विसर्जित किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
15 जून तक प्रतिदिन होंगे धार्मिक आयोजन..
पंडित राजर्षि पाठक ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल से पार्थिव शिवलिंग निर्माण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे अभिषेक और विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न होगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस महाअभियान में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। पूरे एक माह तक चलने वाला यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक सशक्त करेगा।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..