तेंदूखेड़ा में बड़ी कार्रवाई, काले रंग की कार से 34 पेटी अवैध शराब बरामद
भगवती मानव कल्याण संगठन की सूचना पर पुलिस ने पकड़ी शराब, आरोपी फरार
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में रविवार को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने सतर्कता दिखाते हुए एक काले रंग की कार से परिवहन की जा रही 34 पेटी अवैध शराब पकड़कर पुलिस के हवाले किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 17 मई 2026 को परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत की गई। संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने निगरानी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि शराब माफिया काले रंग की कार में बड़ी मात्रा में शराब लेकर जबलपुर मार्ग से गुजर रहे थे। संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रियता के चलते वाहन को पकड़ लिया गया, हालांकि मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस कर रही जांच, चेसिस नंबर के आधार पर होगी पहचान
मामले में तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि शराब से भरी गाड़ी बरामद कर ली गई है, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकले। उन्होंने कहा कि यह ब्लैक कलर की वाहन है और उसके चेसिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक एवं आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
नशामुक्ति अभियान के तहत लगातार कार्रवाई
भगवती मानव कल्याण संगठन का कहना है कि संगठन लंबे समय से प्रदेशभर में नशामुक्ति अभियान चला रहा है। संगठन के अनुसार अब तक 3000 से अधिक स्थानों पर अवैध शराब पकड़वाने की कार्रवाई की जा चुकी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आगे भी अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार निगरानी और कार्रवाई होती रही तो अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकता है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..