दमोह में पहली बार होगा भव्य चिकित्सा सम्मेलन ‘MEDICON DAMOH 2026’, जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ..
दमोह। बुंदेलखंड क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा, वैज्ञानिक शोध और आधुनिक उपचार पद्धतियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार भव्य चिकित्सा सम्मेलन “MEDICON DAMOH 2026 – Medicine Update Bundelkhand” का आयोजन 24 मई को होटल रॉयल दमयंती पैलेस में किया जाएगा। सम्मेलन में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के 150 से 200 चिकित्सकों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन में नागपुर, भोपाल, जबलपुर, इंदौर और सागर सहित विभिन्न शहरों से 20 से अधिक वरिष्ठ फिजिशियन और सुपर-स्पेशलिस्ट विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा, जिसमें मेडिसिन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और शोध प्रस्तुतियां होंगी।
सम्मेलन में वरिष्ठ इंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. वी.के. भारद्वाज, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. परिमल स्वामी, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव सक्सेना, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष तिवारी, किडनी एवं ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. नीरज जैन, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अनुमिती जैन, डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव तथा छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजबिहारी पटेल सहित कई विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों, शोध और उपचार पद्धतियों से अवगत कराना है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर शाम 6 से 7 बजे के बीच विधायक जयंत मलैया एवं पूर्व विधायक अजय टंडन द्वारा क्षेत्र के वरिष्ठ और कर्मठ चिकित्सकों का सम्मान किया जाएगा।
आयोजन सचिव डॉ. आभाष जैन ने बताया कि यह सम्मेलन चिकित्सकों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक साबित होगा। वहीं आयोजन अध्यक्ष डॉ. दिवाकर पटेल ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर चिकित्सकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वैज्ञानिक सचिव डॉ. अमित जैन और सह-आयोजन सचिव डॉ. गौरव नायक ने आयोजन की सफलता को लेकर विश्वास व्यक्त किया है।
MEDICON DAMOH 2026 को बुंदेलखंड में चिकित्सा शिक्षा और वैज्ञानिक संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..