अफवाह और फेक न्यूज़ फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, प्रशासन-पुलिस अलर्ट..जनता की समस्याओं का निराकरण कर पथरिया विधानसभा को समृद्ध बनाना ही हमारा संकल्प है- राज्यमंत्री पटेल..

Spread the love

ईदुज्जुहा को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्द बनाए रखने का संकल्प..

अफवाह और फेक न्यूज़ फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, प्रशासन-पुलिस अलर्ट..

दमोह। आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में दमोह विधायक एवं पूर्व मंत्री जयंत कुमार मलैया, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में वक्ताओं ने जिले की गंगा-जमुनी तहजीब और वर्षों से चली आ रही सामाजिक समरसता की परंपरा का उल्लेख करते हुए सभी समुदायों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की। विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा कि दमोह की पहचान शांति, प्रेम और भाईचारे से है तथा यहां सभी समाज अपने पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी ईदुज्जुहा सहित सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएंगे।


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि समाज भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और विश्वास की नींव पर टिका है और इन मूल्यों को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा नागरिकों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवाद और सामंजस्य ही हर विवाद का समाधान है।


पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि बकरीद पर्व को देखते हुए जिले की सभी ईदगाहों, मस्जिदों और कब्रिस्तानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम और आसूचना तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, फेक न्यूज़ प्रसारित करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन अभियान भी चलाया जाएगा।


बैठक के अंत में कलेक्टर यादव ने उपस्थित सभी लोगों को शांति, सद्भाव, सामाजिक समरसता और भाईचारा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और जिले की सौहार्दपूर्ण परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

जनता की समस्याओं का निराकरण कर पथरिया विधानसभा को समृद्ध बनाना ही हमारा संकल्प है- राज्यमंत्री श्री पटेल..

क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर सुनी समस्याएं, अधिकारियो को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश..

दमोह। प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने आज दमोह, जटाशंकर स्थित कार्यालय में क्षेत्रवासियों से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होने कहा जनसंवाद निरंतर जारी है। आप सभी के सुझाव एवं आकांक्षाएं ही हमारी कार्ययोजना का आधार हैं। पथरिया के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

About The Author