घर की नींव में मिले 42 चांदी के सिक्के, निर्माण कार्य के दौरान मचा हड़कंप..
दमोह। शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत यशवंत चौक और महाकाली चौक के बीच एक निर्माणाधीन मकान की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्के मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार आलोक सोनी के मकान की नींव खोदते समय मजदूरों को जमीन के भीतर से चांदी के सिक्के मिले, जिसके बाद यह खबर तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में तहसीलदार रॉबिन जैन, रघुनंदन चतुर्वेदी, कोतवाली टीआई मनीष कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाकर पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक करीब 42 चांदी के सिक्के मिले हैं। सिक्कों की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग को भी सूचना दे दी गई है। प्रशासन द्वारा सिक्कों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तहसीलदार ने बताया कि मिले सभी सिक्कों को सरकारी नियमों के तहत जब्त कर कोषालय में जमा कराया जाएगा। वहीं पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति को सामान्य बनाए रखा।
सिक्कों के मिलने की घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सभी की नजर पुरातत्व विभाग की जांच पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये सिक्के किस कालखंड के हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..