रीवा घटना के विरोध में आज जैन समाज की मौन रैली, संत सुरक्षा की मांग को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन..

Spread the love

रीवा घटना के विरोध में आज निकलेगी जैन समाज की जन आक्रोश मौन रैली, प्रशासन को सौंपा जाएगा ज्ञापन..

दमोह। मध्यप्रदेश के रीवा में दो जैन साध्वियों की सड़क हादसे में हुई मृत्यु की घटना के विरोध में जैन समाज द्वारा देशव्यापी जन आक्रोश मौन रैली आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में दमोह में भी श्री दिगंबर जैन पंचायत के नेतृत्व में रविवार सुबह 9 बजे मौन रैली निकाली जाएगी।

रैली का शुभारंभ नन्हे मंदिर जैन धर्मशाला से होगा, जो धकट चौराहा और घंटाघर होते हुए कीर्ति स्तंभ पहुंचेगी। यहां जैन समाज के प्रतिनिधि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।

ज्ञापन में संतों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विशेष संत सुरक्षा नीति बनाने, सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने, संतों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा दोषियों को कठोर दंड देने की मांग की गई है। साथ ही पुलिस-प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है।

श्री दिगंबर जैन पंचायत ने समाज के सभी महिला-पुरुषों, युवाओं और धर्मप्रेमियों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होकर संतों की सुरक्षा और धर्म रक्षा के समर्थन में सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।

आज से शुरू होगा श्रावक संस्कार शिविर, ध्वजारोहण के साथ होगा शुभारंभ..

वहीं वसुंधरा नगर स्थित दिगंबर जैन आदिनाथ मंदिर में 25 मई से 31 मई तक आयोजित होने वाले श्रावक संस्कार शिविर का शुभारंभ रविवार सुबह 7 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा।

शिविर के दौरान धार्मिक एवं संस्कार आधारित विभिन्न कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विद्वान के निर्देशन में पंडित विवेक जैन आचार्य एवं पंडित रूपेश जैन शास्त्री अध्यापन कार्य करेंगे।

आयोजकों के अनुसार शिविर में धर्म, संस्कृति, आचरण और जैन सिद्धांतों पर आधारित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

About The Author