कोतवाली पुलिस ने कराई निगरानी और गुंडा बदमाशों की परेड, शांति व्यवस्था बनाए रखने की दी सख्त हिदायत..

Spread the love

कोतवाली पुलिस ने कराई निगरानी और गुंडा बदमाशों की परेड, शांति व्यवस्था बनाए रखने की दी सख्त हिदायत..


फिंगर प्रिंट और फोटोग्राफ अपडेट किए, डोजियर तैयार कर अपराधियों की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर..


दमोह। शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा सूचीबद्ध निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों की विशेष परेड आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देश पर आयोजित इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को थाना बुलाकर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की और भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।


जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक द्वारा दमोह शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए कोतवाली थाना क्षेत्र के निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की परेड कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे की उपस्थिति में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार द्वारा सोमवार को थाना परिसर में सूचीबद्ध बदमाशों की परेड कराई गई।


परेड के दौरान थाना क्षेत्र के निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों को तलब कर उनकी पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा सभी बदमाशों के फिंगर प्रिंट एवं फोटोग्राफ्स अद्यतन किए गए तथा उनके डोजियर फार्म तैयार कर रिकॉर्ड को अपडेट किया गया। इसके माध्यम से पुलिस भविष्य में उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रख सकेगी।


थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार ने उपस्थित बदमाशों को स्पष्ट रूप से समझाइश देते हुए कहा कि वे शांतिपूर्ण ढंग से जीवनयापन करें और शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, अवैध वसूली, धमकी, शांति भंग करने या अन्य अपराधों में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की परेड का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना तथा संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम करना है। दमोह पुलिस द्वारा समय-समय पर निगरानी बदमाशों की समीक्षा और सत्यापन की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।


पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author