पीएमश्री केआरपी कन्या विद्यालय में समर कैंप का भव्य समापन, छात्राओं ने प्रदर्शित की प्रतिभा..
दमोह। पीएमश्री शासकीय केशो राम पांडे कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दमोह में एक माह तक चले समर कैंप का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.एस. अहिरवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
विद्यालय में 1 मई से 1 जून 2026 तक आयोजित समर कैंप का संयोजन एवं संचालन समर कैंप प्रभारी श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय द्वारा किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री वाई.के. कोरी, विशिष्ट अतिथि शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक सोनवलकर तथा जनशिक्षक डॉ. मोहन आदर्श रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों के स्वागत के बाद छात्राओं द्वारा समर कैंप के दौरान तैयार की गई कलात्मक एवं रचनात्मक सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने किया।
प्रदर्शनी में पोस्टर निर्माण, विभिन्न प्रकार के ग्रीटिंग कार्ड, स्टोन पेंटिंग, हैंड प्रिंट पेंटिंग, अखबार से निर्मित सजावटी सामग्री, मिट्टी के दीयों एवं मटकियों पर आकर्षक पेंटिंग, कहानी कार्ड सहित अनेक रचनात्मक कृतियां प्रदर्शित की गईं। अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्राओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री अहिरवाल, समर कैंप प्रभारी श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय एवं छात्राओं ने समर कैंप के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया।
समर कैंप के दौरान छात्राओं को आउटडोर एवं इंडोर गेम्स, गायन, नृत्य, लोकगीत, आर्ट एंड क्राफ्ट, पोस्टर निर्माण, स्टोन पेंटिंग, अंताक्षरी एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता का अवसर प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि श्री वाई.के. कोरी ने कहा कि समर कैंप में बच्चों की रचनात्मकता को देखकर उन्हें अपना बचपन याद आ गया। वहीं डॉ. आलोक सोनवलकर ने छात्राओं को वर्तमान में जीने और सदैव सकारात्मक एवं प्रसन्न रहने की प्रेरणा दी। डॉ. मोहन आदर्श ने कहा कि ऐसे समर कैंप बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समारोह में श्रीमती कीर्ति उपाध्याय, श्रीमती वसुंधरा चौरसिया, श्रीमती अंजू जैन, श्रीमती प्रीति त्रिपाठी, श्रीमती सुनीता ठाकुर, श्रीमती रुचिरा पांडे एवं श्रीमती उषा बड़गैंया सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास में समर कैंप की भूमिका पर प्रकाश डाला।
अंत में प्राचार्य श्री जे.एस. अहिरवाल के अध्यक्षीय उद्बोधन एवं श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय के आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


More Stories
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..