दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.90 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love


119.95 ग्राम स्मैक बरामद, मई माह में नशे के खिलाफ सातवीं बड़ी कार्रवाई..


जिले में अब तक 42 किलो से अधिक गांजा और स्मैक जब्त,..


दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना दमोह देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख 90 हजार रुपये कीमत की 119.95 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक पाउडर जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 1 जून को सागरनाका पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल न्यू ब्रिज के पास मौजूद हैं।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।


ये आरोपी हुए गिरफ्तार..


पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पहला आरोपी राजू उर्फ राजेन्द्र कुमार मिश्रा (51 वर्ष) निवासी शोभानगर, दमोह तथा दूसरा आरोपी आशुतोष श्रीवास्तव (32 वर्ष) निवासी गोविंद बिहार कॉलोनी, सागर है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 347/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।


तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस..


पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।


मई माह में नशे के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाई..


दमोह पुलिस द्वारा मई माह में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कुल सात बड़ी कार्रवाई की गई हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 42 किलो 535 ग्राम गांजा तथा 119.95 ग्राम स्मैक जब्त की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार थाना पटेरा, गढ़ाकोटा मार्ग, गैसाबाद, पथरिया और नोहटा क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। इनमें सबसे बड़ी कार्रवाई नोहटा थाना क्षेत्र में हुई, जहां 18 किलो 520 ग्राम गांजा जब्त किया गया था।


पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका..


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित गौतम, उपनिरीक्षक विक्रम दांगी, सहायक उपनिरीक्षक अकरम खान सहित पुलिसकर्मी सूर्यकांत पांडेय, संजय पाठक, सौरभ टंडन, राकेश अठ्या और सौरभ जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार की जा रही कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

About The Author