सड़क निर्माण कार्य के दौरान डंपर की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक फरार..

Spread the love


सड़क निर्माण कार्य के दौरान डंपर की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक फरार..


दमोह। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदरई गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क निर्माण में लगे एक डंपर की टक्कर से 40 वर्षीय मजदूर जागेश्वर कुर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बमोरी गांव निवासी जागेश्वर कुर्मी नंदरई गांव में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह डामर मशीन में कपड़ा बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगा डंपर क्रमांक MP34 H 0356 रिवर्स करते समय उन्हें टक्कर मार बैठा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उन्हें तत्काल पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया तथा परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।


मृतक के भाई राजेंद्र कुर्मी ने बताया कि उनका भाई सड़क निर्माण कार्य में लगा हुआ था और डामर मशीन में कपड़ा बांध रहा था। इसी दौरान डंपर की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने बताया कि डंपर की टक्कर से जागेश्वर कुर्मी की मौत हुई है। पुलिस ने चालक रविदास अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।


वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान डंपर को रिवर्स करते समय यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि मृतक उनके समाज और परिवार से जुड़ा हुआ था। घटना की जानकारी उन्हें बाहर रहने के दौरान मिली। उन्होंने कहा कि वापस लौटने के बाद वह मृतक के परिजनों से मुलाकात करेंगे और हरसंभव सहयोग करेंगे।

About The Author