सीतानगर बड़ीशाला मंदिर से श्रीराम-जानकी की प्रतिमा गायब, महंत ने एसपी को सौंपा ज्ञापन..
दमोह। जिले के ऐतिहासिक सीतानगर बड़ीशाला स्थित श्री देव रामकुमार मंदिर ट्रस्ट से भगवान श्रीराम और माता जानकी की प्रतिमा गायब होने का मामला सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर जगदीश मंदिर गढ़ाकोटा के महामंडलेश्वर महंत हरिदास महाराज ने पुलिस अधीक्षक दमोह को लिखित आवेदन सौंपकर जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महंत हरिदास महाराज द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, एकादशी के अवसर पर जब वे मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सिंहासन पर स्थापित श्रीराम-जानकी की प्राण-प्रतिष्ठित प्रतिमा अपने स्थान पर मौजूद नहीं थी। प्रतिमा के साथ उसका श्रृंगार और आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं। स्थानीय जानकारों के अनुसार यह प्रतिमा सोने की बताई जाती है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मंदिर की अस्थायी देखरेख कर रहे संतोष दास बिल्थरे की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। महंत का कहना है कि प्रतिमा को कहीं हटाया गया है या फिर उसके खुर्द-बुर्द अथवा अवैध बिक्री की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि प्राण-प्रतिष्ठित मूर्ति को धार्मिक परंपराओं और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना मंदिर से बाहर ले जाना नियमों के विरुद्ध है, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
महंत ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में भी वर्तमान व्यवस्था के दौरान मंदिर से भगवान श्रीराम की एक बेशकीमती प्रतिमा चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में बार-बार हो रही घटनाओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गायब प्रतिमा और उससे जुड़े आभूषणों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर प्राचीन मंदिर से प्रतिमा किन परिस्थितियों में गायब हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू किए जाने की जानकारी मिली है।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..