मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विधायक जयंत मलैया ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रबुद्धजनों से किया संवाद..

Spread the love


मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विधायक जयंत मलैया ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रबुद्धजनों से किया संवाद..


दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत बुधवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विधायक जयंत मलैया ने बड़ी देवी माता मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।


मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान विधायक मलैया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई कर आमजन को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। विधायक मलैया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है।


इसके बाद विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत विधायक मलैया ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों से उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने साहित्यकार श्रीकांत चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र जैन अटल, स्वामी अशोक तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता कमलेश भारद्वाज, चिकित्सक डॉ. श्रीपाद शेण्डेय तथा उद्योगपति अमजद डायमंड से भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अरुण तिवारी, जिला मंत्री रानू नामदेव, जिला सह कार्यालय मंत्री दिलीप चौरसिया, जिला मीडिया प्रभारी प्रिंस जैन, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौरसिया, रमाकांत वाजपेई, मंडल महामंत्री अरुण सोनी, मनीष सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author