जागेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर निर्माण की निगरानी के लिए समिति गठित..
दमोह। श्री जागेश्वर नाथ धाम मंदिर कॉरिडोर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
निर्माण कार्यों के प्रभावी पर्यवेक्षण हेतु सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (आरईएस) तथा ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।
समिति प्रत्येक 15 दिन में निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेगी और कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट नोडल अधिकारी को सौंपेगी।
प्रशासन का उद्देश्य कॉरिडोर निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराना है।
ऑपरेशन क्लीन बेलाताल का शुभारंभ, स्वच्छता के लिए आगे आई टीम उम्मीद..
दमोह। शहर की ऐतिहासिक धरोहर बेलाताल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद ने “ऑपरेशन क्लीन बेलाताल” अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले दिन स्वयंसेवकों ने बेलाताल घाटों और किनारों पर फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन तथा अन्य कचरे की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
हरीश पटेल ने कहा कि बेलाताल दमोह की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विरासत है, जिसकी स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि टीम उम्मीद द्वारा 20 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नियमित सफाई, जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां आयोजित होंगी।
अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में पूजा-अर्चना से जुड़ी सामग्री भी हटाई गई। टीम ने नागरिकों से अपील की कि धार्मिक सामग्री को तालाब किनारे न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव, महेश राय सहित टीम उम्मीद के अनेक सदस्य और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान का समापन “कठिन है, पर असंभव नहीं—स्वच्छ बेलाताल, सुंदर बेलाताल” के संदेश के साथ हुआ।



More Stories
‘बिल में छुपे सपोलों को पकड़ने में सक्षम है हमारी पुलिस’, आईजी कॉन्फ्रेंस में बोले सीएम डॉ. मोहन यादव..
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर, एसपी आनंद कलादगि ने ली अपराध समीक्षा बैठक..
आरईएस कार्यालय में कर्मचारी से मारपीट, ठेकेदार से जुड़े व्यक्ति पर आरोप; कर्मचारियों ने की एफआईआर की मांग..