‘बिल में छुपे सपोलों को पकड़ने में सक्षम है हमारी पुलिस’, आईजी कॉन्फ्रेंस में बोले सीएम डॉ. मोहन यादव..
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील और विनम्र व्यवहार करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कॉन्फ्रेंस के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने हाल ही में पुलिस द्वारा आतंकियों के एक सहयोगी की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस किसी भी षड्यंत्र का पर्दाफाश करने और “बिल में छुपे सपोलों” को पकड़ने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने आगामी सिंहस्थ-2028 को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस अपनी संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा भाव से देश-दुनिया के सामने आदर्श व्यवस्था का उदाहरण प्रस्तुत कर सकती है। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, मानव तस्करी पर नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत बनाने और धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों को लेकर न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. यादव ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में पुलिस ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में नक्सलवाद के प्रभाव को समाप्त कर मध्यप्रदेश पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान को उन्होंने बड़ी सफलता बताया।
मुख्यमंत्री ने भोजशाला मामले में न्यायालय के आदेशों के पालन को भी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध जैसी नई चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार लगातार संसाधन बढ़ा रही है। पुलिस बल को मजबूत बनाने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चलाया जा रहा है और प्रयास है कि विभाग में कोई पद रिक्त न रहे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार और पुलिस समन्वय के साथ कार्य कर रही है तथा गृह विभाग के कामकाज से वे संतुष्ट हैं।



More Stories
जागेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर निर्माण की निगरानी के लिए समिति गठित..ऑपरेशन क्लीन बेलाताल का शुभारंभ, स्वच्छता के लिए आगे आई टीम उम्मीद..
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर, एसपी आनंद कलादगि ने ली अपराध समीक्षा बैठक..
आरईएस कार्यालय में कर्मचारी से मारपीट, ठेकेदार से जुड़े व्यक्ति पर आरोप; कर्मचारियों ने की एफआईआर की मांग..