भारत सरकार के वेव बाजार में शामिल हुई दमोह की फिल्म ‘द कर्सड क्वीन’
दमोह। बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति और राई नृत्यांगनाओं के जीवन पर आधारित चर्चित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘द कर्सड क्वीन (अभिशप्त रानियां)’ को भारत सरकार के प्रतिष्ठित वेव (WAVES) बाजार में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि दमोह सहित पूरे बुंदेलखंड के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
भारत सरकार द्वारा भारतीय सिनेमा और कंटेंट को वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किए गए वेव बाजार में देशभर की चयनित फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री को स्थान दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, शोधकर्ताओं और प्रोडक्शन हाउसों को भारतीय विषयों और कहानियों से जोड़ना है।
दमोह की जानी-मानी फिल्म निर्माता एवं निर्देशक डॉ. रश्मि जेता द्वारा निर्मित फिल्म द कर्सड क्वीन को नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी वेव बाजार दस्तावेज में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इससे यह फिल्म अब अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं और शोधकर्ताओं तक पहुंचेगी।
फिल्म में बुंदेलखंड के प्रसिद्ध राई नृत्य और उससे जुड़ी नृत्यांगनाओं के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। फिल्म पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराहना और पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है।
फिल्म में सूत्रधार की भूमिका मनीष सोनी ने निभाई है, जबकि सह-निर्माता रश्मि जेता ने अपनी आवाज दी है। फिल्म का संपादन नरेंद्र अठ्या ने किया है। वहीं जूही सोनी ने विशेष भूमिका निभाई है। फिल्म निर्माण में मधुरकांत गार्डिनियर और दिनेश सिंह का भी विशेष सहयोग रहा।
डॉ. रश्मि जेता द्वारा बुंदेलखंड की संस्कृति, लोककला और सामाजिक विषयों पर कई महत्वपूर्ण फिल्मों का निर्माण किया जा चुका है, जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
भारत सरकार के आधिकारिक दस्तावेज में द कर्सड क्वीन को स्थान मिलना न केवल फिल्म की उपलब्धि है, बल्कि बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



More Stories
पुरुषोत्तम मास में सेवा का अनूठा उदाहरण, दमोह रेलवे स्टेशन पर हुआ विशाल भंडारा..
ऑपरेशन क्लीन के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों पर केस..
हटा में जनकल्याण शिविर संपन्न, सांसद राहुल सिंह लोधी ने वितरित किए लाभ एवं स्वीकृति पत्र..