पुरुषोत्तम मास में सेवा का अनूठा उदाहरण, दमोह रेलवे स्टेशन पर हुआ विशाल भंडारा..

Spread the love

पुरुषोत्तम मास में सेवा का अनूठा उदाहरण, दमोह रेलवे स्टेशन पर हुआ विशाल भंडारा

दमोह। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शहर में सेवा और परोपकार की भावना को साकार करते हुए श्री शिव साईं सेवाभाव परिवार द्वारा दमोह रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण कर सेवा कार्य की सराहना की।

जानकारी के अनुसार, श्री शिव साईं सेवाभाव परिवार द्वारा 17 मई से रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार निःशुल्क प्रसाद वितरण किया जा रहा है। इस सेवा अभियान के तहत प्रतिदिन जरूरतमंदों, यात्रियों और निराश्रितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में 15 जून की शाम रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कमलेश्वरानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में किया गया। भंडारे के दौरान स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संभालीं। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

आयोजकों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान सेवा, सहयोग और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता और भोजन सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है।

भंडारे में डॉ. आलोक गोस्वामी, कपिल दुबे, डालचंद असाटी, रामकुमार नायक, रामकुमार सोनी, अरविंद चौबे, उमेश सोनी, नीलेश सेन, भूपेंद्र शर्मा, मुकेश सोनी, अभिषेक साहू, विवेक चौबे, वीरेंद्र पाठकर, भोले चौरसिया, भोला वर्मा, प्रकाश विश्वकर्मा, ललित गुप्ता, कृष्ण गुप्ता, अजय रैकवार, मनीष आहूजा, राजू नामदेव, अमित राय, विक्की ऋषि सोनी, राहुल सोनी, केशव नामदेव, नीरज सैनी, लालू शर्मा, दीपक मिश्रा, महेश तिवारी, ईश्वर दास शर्मा, सुरेश, गोकुल सेन, कमलेश दुबे और रामेश्वर गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सेवाभाव से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

भंडारे में शामिल लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। पुरुषोत्तम मास में चल रहा यह सेवा अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

About The Author