ई-अटेंडेंस की सख्ती के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, क्रमोन्नति और डीए एरियर सहित कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन..

Spread the love


ई-अटेंडेंस की सख्ती के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, क्रमोन्नति और डीए एरियर सहित कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

वेतन रोकने के आदेश का किया विरोध, नवागत जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया का किया स्वागत


दमोह। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला दमोह ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं हाल ही में लागू किए गए ई-अटेंडेंस के सख्त नियमों के विरोध में जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से शासन को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। संघ ने ई-अटेंडेंस नहीं लगाने पर वेतन रोकने के आदेश को अव्यावहारिक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की, वहीं क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान और महंगाई भत्ते के एरियर सहित अन्य लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की भी मांग उठाई।


संघ द्वारा 6 जुलाई को आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के नाम दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि 1 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं होने पर संबंधित शिक्षक का वेतन रोकने और संकुल प्राचार्यों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षक संघ का कहना है कि कई बार दुर्घटना, पारिवारिक आपात स्थिति, मोबाइल खराब या गुम हो जाना, डेटा समाप्त होना, नेटवर्क की अनुपलब्धता अथवा बारिश के दौरान नदी-नालों में बाढ़ जैसी परिस्थितियों के कारण शिक्षक ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं कर पाते। ऐसी स्थिति में वेतन रोकना न्यायसंगत नहीं है।


संघ ने मांग की कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संकुल, विकासखंड और जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं तथा आवश्यक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद ही ई-अटेंडेंस व्यवस्था को पूरी तरह लागू किया जाए।


इससे पूर्व 5 जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे गए एक अन्य ज्ञापन में शिक्षकों की लंबित प्रशासनिक एवं वित्तीय समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। संघ ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के 12 एवं 24 वर्षीय क्रमोन्नति आदेश, सहायक एवं उच्च श्रेणी शिक्षकों के 35 वर्षीय समयमान वेतनमान के आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की। इसके अलावा विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र समय पर विद्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने तथा 55 प्रतिशत से 58 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के एरियर का भुगतान छह किस्तों में किए जाने की मांग भी रखी गई।


दोनों ज्ञापन मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, दमोह के जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार सेन एवं जिला सचिव महेश कुमार गुप्ता के हस्ताक्षर से सौंपे गए।


इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नवागत जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। स्वागत के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि वे शिक्षक संघ के साथ समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करेंगे तथा संघ से भी सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।


कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष प्रमेंद्र जैन, हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ के प्रांतीय संयोजक संजय पाठक, जिला संयोजक नितिन श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद चौराहा सहित संजय कुमार दुबे, आदित्य चौरसिया, निलेश जैन, नीरज साहू, राजेश सोनी, अभिषेक सिंह, आशीष नेमा, नीतेश पाठक, शिशिर तिवारी, नीरज पांडे एवं भागचंद जैन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

About The Author