कलू ठेकेदार केस में गवाही बनी विवाद की वजह, जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार..

Spread the love

गवाही देने की रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, सोने की अंगूठी छीनी; जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज..


दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुराने न्यायालयीन मामले में गवाही देने की रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने और उसकी सोने की अंगूठी छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जबलपुर नाका स्थित टीवीएस एजेंसी के पीछे रहने वाले 42 वर्षीय राकेश रैकवार टेंट व्यवसाय का कार्य करते हैं। उन्होंने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे वह जबलपुर नाका क्षेत्र में एक दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन से शिवा रैकवार अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा।


आरोप है कि आरोपियों को देखकर राकेश अपनी जान बचाने के लिए भारत मेडिकल की ओर भागे, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान शिवा रैकवार ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया, जिससे राकेश की दाहिनी जांघ में गंभीर चोट आई। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


मारपीट के दौरान छीनी सोने की अंगूठी..


फरियादी का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी झपट ली। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने कहा कि, “तुमने कलू ठेकेदार के केस में गवाही दी है, अब तुम्हें गोली मारकर खत्म कर देंगे।”


108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया..


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल राकेश रैकवार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने कोतवाली थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
कोतवाली पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 351(3)(5), 296 एवं 304 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान और घटना की पुष्टि की जा सके।

About The Author