नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान में युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश..

Spread the love


नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान में युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश..


जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं का सम्मान, विजेता युवा राज्य स्तर पर करेंगे दमोह का नेतृत्व..


दमोह। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), दमोह द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र सर्व कल्याण समिति दमोह के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।


अभियान के अंतर्गत कविता गायन, चित्रकला, भाषण, रील मेकिंग, नुक्कड़ नाटक, समूह गायन एवं समूह नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली तथा विकसित भारत का संदेश दिया।


कविता गायन में गौरव राठौर ने प्रथम, साक्षी रजक ने द्वितीय एवं देवांश दुबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में उर्वशी वेद प्रथम, हेमश्री अहिरवार द्वितीय एवं नायला बानो तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में संस्कृति विश्वकर्मा ने प्रथम, सौम्या पांडे ने द्वितीय एवं प्रशांत कुर्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रील मेकिंग में अनुराग जाटव प्रथम, शिवांश पटेल द्वितीय एवं निवेश प्रसाद तृतीय रहे।


नुक्कड़ नाटक में सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह ने प्रथम, शासकीय केशवराम पांडे विद्यालय दमोह ने द्वितीय तथा शासकीय पीजी कॉलेज दमोह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह गायन में एमएलबी स्कूल दमोह की टीम ने प्रथम एवं द्वितीय तथा शासकीय केशवराम पांडे विद्यालय की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य में मुक्ति मंच दमोह प्रथम, शासकीय केशवराम पांडे विद्यालय द्वितीय एवं शासकीय पीजी कॉलेज दमोह तृतीय स्थान पर रहा।


सभी विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को प्रमाण-पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तर पर दमोह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटैल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू कटारे, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फूलपगारे, जिला उपाध्यक्ष संजय सेन, कोषाध्यक्ष सुरेश पटैल, गायत्री परिवार जिला समन्वयक बीपी गर्ग, मंडल अध्यक्ष रमाकांत बाजपेई, राजेन्द्र चौरसिया, जिला युवा अधिकारी रोहित यादव, लेखापाल तेज खान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


अतिथियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में लगाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय छात्र सर्व कल्याण समिति के अध्यक्ष कृष्णा पटैल द्वारा किया गया। अंत में शासकीय पीजी कॉलेज दमोह के डॉ. जितेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही और विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” का प्रभावी संदेश दिया गया।

About The Author