पुरानी रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन घायल..
खेरुआ गांव में पटेल और विश्वकर्मा परिवार आमने-सामने, एक घायल की हालत गंभीर, सागर रेफर..
दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत खेरुआ गांव में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पुरानी रंजिश को लेकर पटेल और विश्वकर्मा परिवार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए दमोह जिला अस्पताल लाया गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे दोनों परिवारों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। घायलों को उनके परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और मारपीट के आरोप लगाए।विश्वकर्मा परिवार की ओर से गिरधारी, कमलेश, छोटू, सुग्रीम सहित अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि पटेल परिवार की ओर से भरत पटेल और धन्नू के घायल होने की बात सामने आई है।
विश्वकर्मा परिवार ने लगाए पुराने आवेदनों पर कार्रवाई न होने के आरोप
जिला अस्पताल पहुंचे विश्वकर्मा परिवार के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके परिवार द्वारा पूर्व में भी विवाद और कथित परेशान किए जाने को लेकर नरसिंहगढ़ चौकी में कई आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन उनका कहना है कि उन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस ने पूर्व में दिए गए आवेदनों पर समय रहते संज्ञान लिया होता तो संभवत: यह घटना टाली जा सकती थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पटेल परिवार के लोगों द्वारा आए दिन उन्हें परेशान किया जाता है और गाली-गलौज की जाती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों के अनुसार मारपीट की घटना में उनके परिवार के एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है।
अस्पताल में आमने-सामने आए दोनों पक्ष
घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल और उनके परिजन दमोह जिला अस्पताल पहुंचे। यहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना की जानकारी दी। घायलों के अनुसार विवाद के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पुलिस ने दर्ज किया काउंटर प्रकरण
घटना की जानकारी मिलने के बाद नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी भी दमोह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच आपसी विवाद के बाद मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस विवाद की मूल वजह, पूर्व में दिए गए आवेदनों, मारपीट की परिस्थितियों और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


More Stories
कार्यालय आने वाले दोपहिया वाहनधारी अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनें : कलेक्टर..
माइक्रो फाइनेंस कंपनी की लूट का खुलासा, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड..
नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान में युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश..