जबेरा में गूंजी देशभक्ति की गूंज, हजारों छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा शोभायात्रा..
दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जबेरा नगर में बुधवार को भव्य तिरंगा शोभायात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत इस यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे नगर में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया।
शोभायात्रा का शुभारंभ सांदीपनि विद्यालय परिसर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्थानीय महाविद्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में यात्रा में शामिल हुए।
सांदीपनि विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या शाला और स्थानीय महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के गगनभेदी नारे लगाए। विद्यार्थियों की कतारों और तिरंगों से जबेरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने क्षेत्रवासियों को तिरंगा यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरा देश एकजुट होकर राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागी बन रहा है। हमारा संकल्प है—“विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा।”
उन्होंने कहा कि भारत विश्व गुरु बने, विकास के क्षेत्र में नंबर-1 बने और एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभरे, इसी संकल्प के साथ तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह आयोजन और अधिक प्रभावी एवं व्यापक रूप लेगा।
प्रशासनिक अमले सहित जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता
तिरंगा शोभायात्रा में जनपद पंचायत जबेरा का समस्त स्टाफ, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में रुपेश सेन, बंटी दुबे, राजेश सिंघई, नीरज जायसवाल, एसडीएम सीजी गोस्वामी, एसडीओपी अर्चना अहीर, सीईओ डॉ. रामेश्वर पटेल, तहसीलदार आशुतोष गुप्ता, राजेश कुमार साहू, अटल बिहारी वर्मा, बीईओ विनोद कुमार वाजपेई, प्राचार्य संजय वाजपेई, मोहन सेन, अजय सिंघई, एसडीओ शिवाजी गौंड एवं आजीविका मिशन प्रबंधक धर्मेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


More Stories
कार्यालय आने वाले दोपहिया वाहनधारी अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनें : कलेक्टर..
माइक्रो फाइनेंस कंपनी की लूट का खुलासा, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड..
पुरानी रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन घायल..