कार्यालय आने वाले दोपहिया वाहनधारी अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनें : कलेक्टर..
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान और किसान योजनाओं के प्रकरणों के निराकरण के निर्देश..
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालय आने के दौरान दोपहिया वाहन पर अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कलेक्टोरेट कार्यालय में हेलमेट अनिवार्यता लागू कर दी गई है और अन्य शासकीय कार्यालयों में भी इसका पालन सुनिश्चित कराया जाए।
कलेक्टर यादव ने यह निर्देश समय-सीमा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आगामी 14 अगस्त को तेंदूखेड़ा सहित चिन्हित स्थानों पर आयोजित होने वाले कैंप की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान शिविर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फार्मर आईडी से संबंधित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समग्र ई-केवाईसी और आधार अपडेशन का कार्य भी कराने को कहा।उन्होंने पिछले शुक्रवार को आयोजित अभियान के प्रथम कैंप और अधिकारियों के ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण की समीक्षा करते हुए आगामी कैंप में ऑनलाइन एंट्री एवं फोटो अपलोड का कार्य अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे और अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पीओपी की मूर्तियों के निर्माण पर रोक के लिए बैठक करें..
कलेक्टर ने नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीओपी से मूर्ति निर्माण न हो, इसके लिए संबंधित मूर्तिकारों और लोगों की बैठक लेकर उन्हें जागरूक किया जाए। उन्होंने इको फ्रेंडली मूर्ति निर्माण को प्रोत्साहित करने और इस संबंध में जल्द बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
मीनू के अनुसार मिले मध्यान्ह भोजन..
बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मीनू के अनुसार ही मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्धारित निर्देशों के अनुसार कार्ययोजना बनाने को कहा। इसके अलावा संबल कार्ड की स्थिति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन के नॉन-अटेंड प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी एसडीएम, जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।


More Stories
माइक्रो फाइनेंस कंपनी की लूट का खुलासा, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड..
पुरानी रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन घायल..
नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान में युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश..