दो वर्षों की स्वच्छता सेवा को मिला सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के मंच से टीम उम्मीद सम्मानित..
दमोह। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दमोह में पिछले दो वर्षों से स्वच्छता एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय ‘टीम उम्मीद – एक पहल दमोह के लिए’ को जिला प्रशासन दमोह की ओर से सम्मानित किया गया। तहसील ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर की अनुशंसा पर संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी एवं दमोह सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने टीम उम्मीद को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में दमोह विधायक श्री जयंत कुमार मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता गौरव पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम शिवहरे सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दो वर्षों से स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास..
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद ने पिछले दो वर्षों के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। टीम द्वारा विशेष रूप से बेलाताल स्वच्छता अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और दमोह की महत्वपूर्ण जलधरोहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए गए।
टीम के सदस्यों ने गर्मी, बारिश और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाए और नागरिकों को भी इन अभियानों से जोड़ने का प्रयास किया।
सम्मान को बताया पूरी टीम की मेहनत का परिणाम..
स्वतंत्रता दिवस के मंच से मिले सम्मान के बाद स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक प्रशस्ति पत्र नहीं, बल्कि दो वर्षों की मेहनत, श्रमदान, संघर्ष और विश्वास का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कभी हाथों में झाड़ू लेकर गंदगी के बीच उतरना पड़ा तो कभी बारिश के दौरान भी स्वच्छता अभियान जारी रखना पड़ा, लेकिन टीम उम्मीद ने अपना प्रयास नहीं रोका।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय मंच से जिला प्रशासन द्वारा टीम की सेवा को सम्मान मिलना पूरी टीम के लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि टीम उम्मीद के प्रत्येक सदस्य और उन सभी नागरिकों का है, जिन्होंने स्वच्छता अभियानों में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग दिया।
सहयोगियों के प्रति जताया आभार..
हरीश पटेल एवं टीम उम्मीद के सदस्यों ने स्वच्छता अभियानों में निरंतर सहयोग करने वाले शहर के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
टीम ने जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सुशील नामदेव, नगर पालिका सीएमओ श्री राजेंद्र सिंह लोधी तथा नगर पालिका परिषद दमोह के सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने टीम के स्वच्छता अभियानों को समाचारों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वच्छता की मशाल आगे भी जलती रहेगी..
टीम उम्मीद ने कहा कि स्वच्छता का सफर किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं है। यह जनभागीदारी, प्रशासनिक सहयोग, मीडिया की सकारात्मक भूमिका और शहरवासियों की जागरूकता से आकार ले रहा सामाजिक आंदोलन है।
स्वतंत्रता दिवस पर मिले सम्मान से टीम का उत्साह और बढ़ा है। टीम ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी स्वच्छता एवं जनजागरूकता के अभियानों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जारी रखा जाएगा।
हरीश पटेल ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल सफाई करने से नहीं, बल्कि नागरिकों की सोच और जिम्मेदारी में बदलाव से बनता है। टीम उम्मीद स्वच्छता की इस मशाल को आगे भी जलाए रखेगी और अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ने का प्रयास करेगी।
टीम उम्मीद ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए अभियान से जुड़े सभी साथियों और अब तक सहयोग करने वाले प्रत्येक नागरिक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


More Stories
दमोह में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, एक ही घर से दो रिश्तेदारों की नकदी और जेवर पार..
रानी अवंती बाई की 195वीं जयंती पर दमोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा..
दमोह में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया ध्वजारोहण..