रानी अवंती बाई की 195वीं जयंती पर दमोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा..
दमोह। अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर रविवार को दमोह में भव्य तिरंगा यात्रा और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि अमर शहीद कभी किसी एक समाज के नहीं हुआ करते, उनके योगदान से सभी समाजों को प्रेरणा लेने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई का नाम लेते ही देशभक्ति की ज्वाला हमारे भीतर प्रज्वलित होती है और उनसे प्रेरणा लेकर देश, समाज एवं राष्ट्र के लिए काम करने की प्रेरणा मिलती है।

राज्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई ने मात्र 26 वर्ष की आयु में अद्भुत पराक्रम का परिचय दिया और अंग्रेजों के खिलाफ साहसपूर्वक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई का बलिदान और शौर्य देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने आयोजन समिति और समाज के सभी लोगों को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी।
बच्चों और समाज के भविष्य की चिंता जरूरी : सांसद राहुल लोधी..
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि यदि सही दिशा में कोई काम किया जाए तो समाज की उन्नति होना तय है। हमें समाज के साथ-साथ अपने बच्चों की चिंता करनी होगी, ताकि बेहतर समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई का जन्मदिवस और बलिदान दिवस प्रत्येक गांव में मनाया जाना चाहिए। इसके लिए निश्चित तिथि, समय और स्थान तय होना चाहिए।

सांसद ने बताया कि जिले में रानी अवंती बाई की दो प्रतिमाएं स्थापित हैं। पहली प्रतिमा जटाशंकर और दूसरी नोहटा में है। जन्मोत्सव का कार्यक्रम जिला स्तर पर तथा बलिदान दिवस का कार्यक्रम नोहटा में आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रानी अवंती बाई के जन्मोत्सव और बलिदान दिवस के कार्यक्रम को और भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
रानी से प्रेरणा लेकर देश की आन-बान-शान के लिए समर्पित रहें : उमा खटीक..
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने रानी अवंती बाई के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रस्तुति के माध्यम से रानी अवंती बाई के जीवन और संघर्ष को जानकर वे अभिभूत हुईं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को वीरांगना रानी अवंती बाई के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की आन-बान-शान के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने रानी अवंती बाई को स्वतंत्रता संग्राम की महान नायिका बताते हुए उनके शौर्य, वीरता और ममता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर देश और समाज के लिए अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष भाव सिंह लोधी ने कहा कि रानी अवंती बाई ने केवल एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्वसमाज के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें जिम्मेदारी दी है और वे सभी समाजों के हित में कार्य करने का प्रयास करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि रानी अवंती बाई केवल लोधी समाज की नहीं, बल्कि सर्वसमाज की गौरव थीं। उन्होंने आदिवासियों सहित सभी वर्गों के लिए संघर्ष किया। उनके जीवन से यह भी स्पष्ट होता है कि देश के गौरवशाली इतिहास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पूर्व विधायक अजय टंडन ने कहा कि विभिन्न समाजों और विचारधाराओं के लोग एक मंच पर एकत्र होकर किसी महान व्यक्तित्व को याद करें, तो यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल ने भी वीरांगना रानी अवंती बाई को नमन करते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में हमारे पूर्वजों के बलिदान का ही परिणाम है कि आज हम स्वतंत्र वातावरण में कार्यक्रम आयोजित कर पा रहे हैं।
‘क्रांति ज्वाला’ पुस्तक का विमोचन..
कार्यक्रम के दौरान वीरांगना रानी अवंती बाई के शौर्य और संघर्ष पर आधारित पुस्तक ‘क्रांति ज्वाला’ का विमोचन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी सहित अन्य अतिथियों ने किया।

इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।
तहसील मैदान से जटाशंकर तक निकली तिरंगा यात्रा..
जयंती के अवसर पर विशाल तिरंगा यात्रा तहसील मैदान से प्रारंभ हुई। राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और सांसद राहुल सिंह लोधी की अगुवाई में निकली यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई जटाशंकर स्थित वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां राज्यमंत्री, सांसद, विधायक हटा उमा देवी खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने रानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने नोहटा पहुंचकर तेज बारिश के बीच वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद नोहटा से दमोह के लिए तिरंगा यात्रा रवाना हुई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में हिस्सा लिया।
एक माह से तैयारियों में जुटी थी आयोजन समिति..
कार्यक्रम के सह संयोजक सतेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग रानी अवंती बाई की जयंती मनाने पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति और उन कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पिछले एक माह से कार्यक्रम की तैयारियों में दिन-रात मेहनत की। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

ये रहे मौजूदकार्यक्रम में राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक हटा उमा देवी खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल, लोकेन्द्र पटेल, पूर्व मंत्री दशरथ सिंह लोधी, पूर्व विधायक अजय टंडन, पीएल तंतवाय, प्रताप सिंह, प्रद्युम्न सिंह, पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह सहित विभिन्न समाजों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का संचालन पद्म सिंह, कृपाल ठाकुर एवं हाकम सिंह ने किया, जबकि आभार संयोजक साहिल सिंह लोधी ने व्यक्त किया।


More Stories
दमोह में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, एक ही घर से दो रिश्तेदारों की नकदी और जेवर पार..
दो वर्षों की स्वच्छता सेवा को मिला सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के मंच से टीम उम्मीद सम्मानित..
दमोह में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया ध्वजारोहण..