दमोह पुलिस के प्रधान आरक्षक की बहादुरी से टला बड़ा हादसा, जलते गैस सिलेंडर की आग पर पाया काबू
पथरिया थाना तिराहे पर मची अफरा-तफरी, जान की परवाह किए बिना प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा ने संभाला मोर्चा
दमोह/पथरिया। थाना पथरिया क्षेत्र में मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब थाना तिराहे के पास एक मकान में घरेलू गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण अचानक भीषण आग लग गई। आग विकराल होने के बाद जलते हुए सिलेंडर को मकान से बाहर सड़क पर लाया गया, जिससे मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
इसी दौरान थाना पथरिया में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा ड्यूटी के लिए थाना से जा रहे थे। थाना तिराहे के पास जलते हुए गैस सिलेंडर को देखकर उन्होंने तत्काल मौके पर रुककर स्थिति को संभाला। पास में मौजूद गैस एजेंसी संचालक द्वारा अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराया गया।
प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा ने बिना घबराए और अपनी जान की परवाह किए बिना सूझबूझ एवं साहस का परिचय देते हुए अग्निशामक यंत्र की मदद से जलते हुए सिलेंडर की आग पर काबू पाया। कुछ ही समय में आग पूरी तरह शांत कर दी गई।
बताया गया कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो व्यस्त मुख्य मार्ग पर सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो सकता था और भारी जान-माल की क्षति की आशंका थी। प्रधान आरक्षक की तत्परता और साहस से संभावित दुर्घटना टल गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा के साहसिक कार्य की सराहना की। दमोह पुलिस ने भी उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण, सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता को सराहनीय बताया है।


More Stories
जिला जेल में बंदियों को टीबी के प्रति किया जागरूक, 93 के एक्स-रेएआई तकनीक से लैस हैंडहेल्ड एक्स-रे..
बजरिया वार्ड नं. 4 के आवासहीनों को भी मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ : पार्षद..
दमोह में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ पर यातायात पुलिस की सख्ती, तीन वाहन चालकों पर ₹43,500 का जुर्माना..