पटेरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शिक्षिका की टिप्पणी पर शिक्षा विभाग का संज्ञान, नोटिस जारी

Spread the love


पटेरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शिक्षिका की टिप्पणी पर शिक्षा विभाग का संज्ञान, नोटिस जारी


पद से हटाए जाने के बावजूद ध्वजारोहण को लेकर सामने आया विवाद, प्रभारी प्राचार्य पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप का वीडियो वायरल


दमोह/पटेरा। पटेरा के शासकीय हाई स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब स्कूल में पदस्थ शिक्षिका वंदना गुप्ता ने मंच से संबोधन के दौरान अपने ही विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कमलेश शर्मा के विरुद्ध कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग के संज्ञान में पहुंचा है।


वायरल वीडियो को जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वायरल वीडियो में सार्वजनिक मंच से अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है, जिसके संबंध में शिक्षिका को नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पहले भी मिल रही थीं शिकायतें..


जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध पिछले करीब एक माह से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। ऑनलाइन बैठकों तथा बीईओ स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठकों में उनकी अनुपस्थिति का मामला भी सामने आया था। इन परिस्थितियों के चलते उन्हें प्रभारी पद से पृथक किया गया था।


विभाग के अनुसार, इससे पहले विद्यालय में रखी पुरानी उत्तर पुस्तिकाओं को रद्दी में बेचने से संबंधित मामले में भी शिक्षिका को नोटिस जारी किया गया था। विभागीय स्तर पर दिए गए जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया था।


ध्वजारोहण को लेकर भी विवाद..


स्वतंत्रता दिवस के दिन सामने आए विवाद की एक वजह ध्वजारोहण को लेकर भी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रभारी प्राचार्य के पद से हटाए जाने के बावजूद शिक्षिका ध्वजारोहण करना चाहती थीं। इसी दौरान विद्यालय में विवाद की स्थिति बनी और बाद में मंच से शिक्षिका द्वारा प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध टिप्पणी किए जाने का वीडियो सामने आया।


हालांकि, ध्वजारोहण को लेकर वास्तव में घटनाक्रम किस प्रकार हुआ, इसे लेकर विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों और संबंधित पक्षों के जवाब के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।


लोक सेवक के लिए सार्वजनिक मंच की मर्यादा महत्वपूर्ण..


जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया ने कहा कि कोई भी लोक सेवक सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षिका को नोटिस जारी किया गया है और उनके जवाब का परीक्षण करने के बाद सेवा नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।


वहीं, विद्यालय के वर्तमान प्रभारी प्राचार्य कमलेश शर्मा की ओर से भी शिक्षिका के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि प्राचार्य ने सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों को लेकर अपनी मानहानि का दावा करने की बात भी कही है।


फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद मामला शिक्षा विभाग के स्तर पर पहुंच गया है। अब सभी संबंधित पक्षों के जवाब और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई की दिशा तय होगी।

About The Author