दमोह पुलिस की जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में आयोजित हुई साप्ताहिक जनसुनवाई, अधिकारियों ने गंभीरता से सुनीं फरियादियों की शिकायतें
दमोह। आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय दमोह में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया एवं डीएसपी श्री सौरभ त्रिपाठी ने फरियादियों से रूबरू होकर उनके आवेदन प्राप्त किए। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अनुविभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। वहीं, जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनना, शिकायतों का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना और पुलिस व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत करना है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, डीएसपी श्री सौरभ त्रिपाठी, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक फेमिदा खान, शिकायत शाखा प्रभारी गरिमा मिश्रा, साइबर शाखा प्रभारी अभिषेक पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


More Stories
दमोह में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, रावण दहन की 100वीं वर्षगांठ को भव्य बनाने की तैयारी..
अग्रसेन जयंती पर ‘सरप्राइज गेम—1 मिनट प्रतियोगिता’ आयोजित, महिलाओं ने दिखाया उत्साह..
दमोह में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन..