दमोह में जनसुनवाई में 225 आवेदनों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश..
आधार अपडेशन के साथ 90 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, कलेक्टर ने दूरदराज से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं..
दमोह। जिले के दूरदराज क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों के लिए मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 10 (व्यारमा) में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सामान्य जनसुनवाई में कुल 225 आवेदनों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई स्थल पर प्रशासन की ओर से आमजन की सुविधा के लिए विभिन्न सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 12 लोगों का आधार अपडेशन किया गया, जबकि 90 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा जनसुनवाई में कुछ सामूहिक आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतों के निराकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आवेदकों को समय पर राहत मिल सके।
अधिकारी रहे मौजूद
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, एसडीएम सौरभ गंधर्व, डिप्टी कलेक्टर ब्रजेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, डिप्टी कलेक्टर रानी अहिरवार, लोकसेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


More Stories
दमोह में ‘सड़क से गौशाला’ अभियान को मिलेगी गति, एनएचएआई ने उपलब्ध कराया नया काउ लिफ्टर वाहन..
दमोह में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, रावण दहन की 100वीं वर्षगांठ को भव्य बनाने की तैयारी..
जनसुनवाई में 224 आवेदन, कलेक्टर ने मौके पर कराए कई मामलों के निराकरण..