बारिश में उजागर हुई विकास कार्यों की हकीकत: अंतिम संस्कार के लिए उफनता नाला पार करने को मजबूर ग्रामीण..
दमोह। जिले में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है। कहीं अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को उफनते नाले का सामना करना पड़ रहा है, तो कहीं श्मशान घाटों में टीन शेड जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे हालात में लोगों को पॉलिथीन और अस्थायी व्यवस्थाओं के सहारे अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। मौत के बाद भी सम्मानजनक विदाई देना ग्रामीणों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
जिले की जबेरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम सिंग्रामपुर का टगरा मोहल्ला इन समस्याओं का जीता-जागता उदाहरण है। यहां स्थित मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को एक नाला पार करना पड़ता है, लेकिन नाले पर पुल का निर्माण नहीं होने से बारिश के दिनों में स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। हाल ही में गांव की एक महिला के निधन के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव इतना अधिक था कि शव को मुक्तिधाम तक ले जाना संभव नहीं हो सका। मजबूरी में परिजनों को करीब पांच से छह घंटे तक शव को घर पर ही रखना पड़ा। जब पानी का बहाव कुछ कम हुआ, तब ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालते हुए कमर तक पानी में उतरकर शव को नाला पार कराया और मुक्तिधाम पहुंचाकर अंतिम संस्कार किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। बारिश के मौसम में हर वर्ष इसी प्रकार की स्थिति बनती है और लोगों को जोखिम उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व नाले पर पुल निर्माण की मांग की गई थी। इसके बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर करीब 40 लाख रुपये की लागत का प्रस्ताव भी तैयार किया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के दावों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सिंग्रामपुर के मुक्तिधाम मार्ग पर शीघ्र पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को इस तरह की पीड़ा और जोखिम का सामना न करना पड़े तथा अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य सम्मान और सुरक्षा के साथ संपन्न हो सकें।


More Stories
पथरिया को स्वास्थ्य सुविधा और किसानों को राहत की सौगात, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से दो बड़ी उपलब्धियां..
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की संकल्प कांवड़ यात्रा का जबेरा विधानसभा में भव्य स्वागत..
सांसद राहुल सिंह लोधी के आग्रह पर बांदकपुर पहुंचे रावतपुरा सरकार, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत..